मथुरा,
जयसिंहपुरा क्षेत्र के 300वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में डॉ0 रमेश चन्द्र शर्मा स्मारक शोध एवं सेवा संस्थान के तत्वावधान में सोमवार को गणेशधाम कॉलोनी स्थित झिरीवाल धर्मशाला (तमोली पैलेस) में सायं 4से 6बजे के मध्य स्मारक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष एवं धरोहर बचाव आन्दोलन के प्रतिफल में सवाई जयसिंह स्मृतियों के पुनर्खोजी डॉ0 सुरेश चन्द्र शर्मा ने बताया कि आयोजन के लिए सवाई जयसिंह की 277वीं पुण्यतिथि का दिन सुनिश्चित किया गया है ताकि स्थापना वर्ष के साथ दिवंगत महान आत्मा को श्रृद्धांजलि अर्पित की जा सके। आगे बताया कि सवाई जयसिंह ने मुगल बादशाह मुहम्मदशाह के शासनकाल में सन् 1720 में प्राचीन मथुरा शहर से अलग वृन्दावन रोड पर स्वनाम से जयसिंहपुरा खेड़ा की स्थापना की थी। जिसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व समय के लम्बे अन्तराल में क्षेत्रवासियों को विस्मृत होता गया। बताया कि आयोजन से पूर्व सवाई जयसिंह पर पुनर्खोज के जनजागरण के क्रम में केन्द्र व राज्य सरकार समेत संसदीय विधानसभा सदस्यों व पार्षदों,
स्थानीय प्रशासन, मथुरा आकाशवाणी को जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा विदेश के उन देशों के राष्ट्राध्यक्षों विशेषकर स्पेन, फ्रांस, जर्मनी, इंग्लैण्ड को पुनर्खोज के बाबत सूचित किया गया है जिनसे सवाई जयसिंह द्वारा ज्ञानविज्ञान के आदानप्रदान को लेकर सम्बन्ध स्थापित किये गये थे। बताया कि हाल में जयपुर राजमाता के वृन्दावन आगमन पर उन्हें सवाई जयसिंह पर जारी शोध कार्य की जानकारी प्रदान की गई।
डॉ0 शर्मा ने समस्त क्षेत्रवासियों, गणमान्य नागरिकों समेत सम्बन्धित संस्थाओं से सवाई जयसिंह की स्मृति में श्रृद्धासुमन अर्पित कर पुण्यार्जन का आग्रह किया है।

Comments
Post a Comment