जयसिंहपुरा स्थापना वर्ष पर सवाई जयसिंह जयन्ती आज

 

मथुरा,

      जयसिंहपुरा क्षेत्र के 300वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में संस्थापक सवाई जयसिंह की 322वीं जयन्ती डॉ0 रमेश चन्द्र शर्मा स्मारक शोध एवं सेवा संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार अपरान्ह 2.00 बजे गणेशधाम कॉलोनी स्थित संस्थान परिसर में मनाई जायेगी। यह जानकारी संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष एवं   धरोहर बचाव आन्दोलन के प्रतिफल में सवाई जयसिंह स्मृतियों के पुनर्खोजी डॉ0 सुरेश चन्द्र शर्मा ने दी। डॉ0 शर्मा ने बताया कि सवाई जयसिंह ने मुगल बादशाह मुहम्मदशाह के शासनकाल में सन् 1720 में प्राचीन मथुरा शहर से अलग वृन्दावन रोड पर स्वनाम से जयसिंहपुरा खेड़ा की स्थापना की थी। जिसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व समय के लम्बे अन्तराल में क्षेत्रवासियों को विस्मृत होता गया। बताया कि आयोजन से पूर्व सवाई जयसिंह पर पुनर्खोज के जनजागरण के क्रम में केन्द्र व राज्य सरकार समेत संसदीय विधानसभा सदस्यों व पार्षदों, स्थानीय प्रशासन, मथुरा आकाशवाणी, गायत्री तपोभूमि, श्रीचन्द विद्या आश्रम को जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा विदेश के उन देशों के राष्ट्राध्यक्षों विशेषकर स्पेन, फ्रांस, जर्मनी, इंग्लैण्ड को पुनर्खोज के बाबत सूचित किया गया है जिनसे सवाई जयसिंह द्वारा ज्ञान¬विज्ञान के आदान-प्रदान को लेकर सम्बन्ध स्थापित किये गये थे। बताया कि हाल में जयपुर राजमाता के वृन्दावन आगमन पर उन्हें सवाई जयसिंह पर जारी शोध कार्य की जानकारी प्रदान की गई।

Comments